आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) से महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा न केवल महात्मा गांधी का सम्मान करती है, बल्कि उनके सिद्धांतों को व्यवहार में शामिल करने वाली पार्टी है।
सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महात्मा गांधी भगवान राम को अपना आदर्श मानते थे और यदि राम के नाम पर कोई व्यवस्था या योजना होती है, तो कांग्रेस को उसमें आपत्ति क्यों होनी चाहिए।
उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस ने स्वयं गांधी जी के नाम पर क्या किया है और आज गांधी जी के कितने वास्तविक अनुयायी कांग्रेस के साथ खड़े हैं, यह देश देख रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग से जुड़ी जिम्मेदारी को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘‘कीचड़ में कमल खिलता है’’ और जब कीचड़ से कमल खिलेगा, तो बिहार समृद्धि की ओर बढ़ेगा।