आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए शुक्रवार सुबह शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निगमों में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और उनके चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) के गठबंधन से आगे निकल गई है।
पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र में भाजपा कोल्हापुर, सातारा, सोलापुर और सांगली नगर निकायों में भी बढ़त बनाए हुए है।
पुणे और पिंपरी चिंचवड में भाजपा का प्रदर्शन संकेत देता है कि ‘एकजुट’ राकांपा गुटों की चुनौती को उसने प्रभावी रूप से कमजोर कर दिया है।
भाजपा ने 2017 से 2022 तक पुणे और पिंपरी चिंचवड नगर निकायों में अकेले सत्ता संभाली थी। बाद में, आरक्षण मुद्दे को लेकर उच्चतम न्यायालय द्वारा नगर निकाय चुनावों पर रोक लगाए के बाद हुई देरी के कारण इन निकायों का नियंत्रण प्रशासक के पास रहा।
पुणे और पिंपरी चिंचवड में भाजपा अपने महायुति सहयोगियों-राकांपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना- से अलग स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रही है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस भी मैदान में हैं।
ताजा रुझानों के अनुसार, पुणे में 165 में से 43 निकाय वार्ड में भाजपा आगे है। इसके बाद कांग्रेस सात सीट, राकांपा पांच पर और राकांपा (शप) तीन पर आगे है।