आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संस्कृत भाषा देश के बाहर से आने संबंधी कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद के बयान की आलोचना करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि यह पार्टी की तुष्टीकरण की मानसिकता और भारतीय अस्मिता व सभ्यता का अपमान करने की आदत को दिखाता है।
भाजपा की यह प्रतिक्रिया एक वीडियो क्लिप सामने आने के बाद आई, जिसमें जावेद को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उर्दू भारत में पैदा हुई, जबकि संस्कृत और अंग्रेजी नहीं।
वीडियो में, बिहार के किशनगंज निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य जावेद को यह कहते हुए सुना गया, ‘‘बिहार में उर्दू दूसरी भाषा है। हम दूसरी भाषा को इस तरह खत्म नहीं होने देंगे। हम चाहते हैं कि उर्दू, जो हिंदुस्तान के लोगों की भाषा है और बाहर से नहीं आई है, उसे बचाया जाए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संस्कृत बाहर से आई, अंग्रेजी बाहर से आई। हिंदी और उर्दू हमारी भाषाएं हैं; वे हिंदुस्तान में पैदा हुईं।’’
इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए, भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ऐसी सोच केवल उन्हीं लोगों की हो सकती है जो सनातन में विश्वास नहीं करते।