बीकाजी के संस्थापक शिव रतन अग्रवाल का निधन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-04-2026
Bikaji founder Shiv Ratan Agarwal passes away
Bikaji founder Shiv Ratan Agarwal passes away

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
‘बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड’ के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिव रतन अग्रवाल का बृहस्पतिवार सुबह चेन्नई में निधन हो गया। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार 74 वर्षीय अग्रवाल चेन्नई में थे और बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
 
उन्होंने बताया कि अग्रवाल की पत्नी की हाल में हृदय की बाईपास सर्जरी हुई थी और चिकित्सकों ने उन्हें आराम की सलाह दी थी। अग्रवाल उनके साथ चेन्नई में ही रुके हुए थे।
 
बीकानेर के सादुलगंज निवासी अग्रवाल ने 1993 में ‘बीकाजी’ ब्रांड की स्थापना की थी। एक छोटे से उद्यम के रूप में शुरू हुआ यह व्यवसाय एक प्रमुख खाद्य ब्रांड बन गया। यह भारत सहित विदेशों में भी खासकर अपनी ‘बीकानेरी भुजिया’ के लिए लोकप्रिय है।
 
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अग्रवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया।
 
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं बीकाजी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिव रतन अग्रवाल के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। बीकानेर की भुजिया को बीकाजी ब्रांड के माध्यम से देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले अग्रवाल का निधन अपूरणीय क्षति है।”
 
उन्होंने कहा, “ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”