बिहार एमएलसी चुनाव: जन सुराज पार्टी ने तिरहुत शिक्षक सीट के लिए उम्मीदवार बदला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-09-2026
Bihar MLC elections: Jan Suraj Party changes candidate for Tirhut teachers seat
Bihar MLC elections: Jan Suraj Party changes candidate for Tirhut teachers seat

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 जन सुराज पार्टी ने शनिवार को बिहार विधान परिषद के आगामी चुनावों में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भूषण झा की जगह अब श्याम नंदन यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया। झा अब निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे।

उम्मीदवारी में बदलाव की घोषणा के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में, प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले यादव शुक्रवार को ही पार्टी में शामिल हुए हैं।
 
जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने पत्रकारों को बताया कि यादव की पृष्ठभूमि सैनिक परिवार की है और उनके एक भाई ने 1999 के कारगिल युद्ध में शहादत दी थी।
 
उन्होंने कहा, “यादव शिक्षकों के बीच भी बहुत लोकप्रिय हैं। वे शिक्षण पेशे से जुड़े हैं और बिहार में शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेजों के संघ के प्रदेश सचिव हैं।”
 
यह पूछे जाने पर कि भूषण झा यह दावा क्यों कर रहे हैं कि उन्हें अपने मन की बात कहने की अनुमति नहीं दी गई जिसके कारण उन्होंने टिकट “वापस” कर दिया है और वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे, जेएसपी के वरिष्ठ नेता रामबली चंद्रवंशी ने कहा, “हमारे सभी उम्मीदवारों का चयन पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाता है। यदि नकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो उम्मीदवार को बदलने की गुंजाइश है।”
 
भूषण झा की उम्मीदवारी की घोषणा दो दिन पहले ही की गई थी।