बिहार के नेताओं ने निशांत कुमार को उनके 45वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-07-2026
Bihar leaders wish Nishant Kumar on his 45th birthday
Bihar leaders wish Nishant Kumar on his 45th birthday

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बिहार के नेताओं ने सोमवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को उनके 45वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। संयोग से सोमवार को ही उन्होंने पहली बार विधान परिषद की कार्यवाही में हिस्सा लिया।
 
पिछले माह हुए द्विवार्षिक चुनाव में निर्वाचित होने के बाद निशांत कुमार ने अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ विधान परिषद की सदस्यता की शपथ ली थी।
 
सदन में निशांत कुमार ने कहा, ‘‘आज मेरे जन्मदिन के अवसर पर यहां मुझे शुभकामनाएं देने वाले सभी सदस्यों का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’
 
इससे पहले दिन में वह अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पटना स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की।
 
विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी तथा विभिन्न दलों के कई नेताओं ने निशांत कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके सरल स्वभाव की सराहना की।
 
निशांत कुमार ने भी पहली बार निर्वाचित होकर सदन में पहुंचे सभी सदस्यों का स्वागत किया और उनसे बिहार की गौरवशाली परंपरा को समृद्ध करने तथा सदन की गरिमा व प्रतिष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया।
 
उन्होंने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते हुए किए गए कार्य इस बात का प्रमाण हैं कि ‘‘राजनीति सामाजिक परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने युवा साथियों से आग्रह करता हूं कि वे नीतीश कुमार द्वारा स्थापित विरासत को आगे बढ़ाएं। हम सदन के भीतर हों या बाहर, हम सभी को एकजुट होकर उनके कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।’’