Bihar is the land of great ideas where Buddha and Gandhi found the purpose of life: Radhakrishnan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को बिहार को ‘‘महान विचारों की भूमि’’ बताया और कहा कि यहां गौतम बुद्ध तथा महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तित्वों ने ज्ञान प्राप्त किया एवं जीवन का उद्देश्य पाया।
पूर्वी चंपारण जिले में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दशक में भारत ने उल्लेखनीय विकास देखा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी जानते हैं कि गौतम बुद्ध ने बिहार में ज्ञान प्राप्त किया था और गांधीजी को अपनी सच्ची ‘कर्मभूमि’ चंपारण की इसी भूमि पर मिली थी।’’
राधाकृष्णन ने कहा कि चाहे बौद्ध धर्म हो, जैन धर्म हो या समाजवादी क्रांति का विचार हो, हर चीज ने यहीं आकार लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार ने लोक नायक जयप्रकाश नारायण जैसे दूरदर्शी व्यक्तित्वों को जन्म दिया है, जिन्होंने भारत की नैतिक और राजनीतिक चेतना को आकार दिया। मैं स्वयं 18 या 19 वर्ष की आयु में कोयंबटूर के जिला महासचिव के रूप में 1974 की क्रांति से गहराई से जुड़ा हुआ था।’’
राधाकृष्णन ने छात्रों से राष्ट्रवाद को अपनाने और ‘‘एक स्वस्थ एवं उदार समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने’’ का आग्रह किया जो कभी अनैतिक चीजों को स्वीकार न करे।