आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत की अपील के अनुरूप शुक्रवार को अपने नियमित काफिले की कार के बजाय इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) से यात्रा की।
शर्मा पहले ही अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से भी काफिलों में गाड़ियों की संख्या घटाने, वाहनों का विवेकपूर्ण इस्तेमाल और पेट्रोल-डीजल की खपत को ध्यान में रखते हुए सरकारी कार्यक्रमों की संख्या सीमित करने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने नियमित काफिले के वाहन के बजाय इलेक्ट्रिक वाहन से सफर किया।
वहीं, उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने बृहस्पतिवार को सरकारी वाहन का उपयोग नहीं करते हुए राजस्थान रोडवेज की बस से यात्रा की।
बैरवा जयपुर के ‘बाइस गोदाम’ से रोडवेज बस में सवार होकर दूदू विधानसभा क्षेत्र के फागी पहुंचे, जहां उन्हें ‘ग्राम विकास चौपाल’ कार्यक्रम में भाग लेना था।
सूत्रों के अनुसार, उनके साथ मौजूद अधिकारियों ने भी सरकारी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया।
बैरवा ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और मौजूदा अनिश्चितताओं के बीच पेट्रोल व डीजल की बचत अनिवार्य हो गई है तथा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना समय की मांग है।