Bengaluru begins drive to remove abandoned vehicles parked on roads and public places
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बेंगलुरु शहर में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े लावारिस वाहनों को हटाने के लिए शुक्रवार को विशेष अभियान शुरू किया गया।
बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने क्वींस रोड पर लावारिस वाहनों पर नोटिस चिपकाकर इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) और यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।
मंत्री के कार्यालय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ खाली कराना, सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाना और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाना है। यह अभियान बेंगलुरु के फुटपाथों को अतिक्रमण से मुक्त रखने तथा शहर के सार्वजनिक स्थानों को अधिक सुलभ और पैदल यात्रियों के अनुकूल बनाने के लिए जारी प्रयासों का हिस्सा है।
ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) और यातायात पुलिस ने बुधवार को सड़कों पर तथा सार्वजनिक स्थानों पर खड़े लावारिस वाहनों को हटाने और उनकी नीलामी के संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी की थी।
इस सूचना में कहा गया है कि 10 जुलाई से सड़कों, खुले स्थानों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर कई दिनों से लावारिस हालत में खड़े वाहनों की पहचान की जाएगी। ‘‘पांचों नगर निगम यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर संयुक्त अभियान चलाएंगे और ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।"
बेंगलुरु विकास मंत्री के कार्यालय ने कहा कि सार्वजनिक सूचना के अनुसार, ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) के तहत आने वाले पांचों नगर निगमों ने जीबीए अधिनियम, 2024 की धारा 324 के प्रावधानों के तहत यह अभियान शुरू किया है।
अधिकारियों ने बताया कि लावारिस वाहनों पर चिपकाए जाने वाले नोटिस में मालिक को वाहन हटाने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। नोटिस चिपकाते समय वाहन के पहिए पर 'व्हील क्लैंप' भी लगाया जाएगा।