आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार इस शैक्षणिक वर्ष में ‘सारथी’ योजना के तहत 12.59 लाख विद्यार्थियों को साइकिल वितरित करेगी।
हावड़ा के एक स्कूल में साइकिल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार घटिया साइकिल खरीदती थी और उन्हें अपनी 'सबुज साथी' योजना के तहत विद्यार्थियों को वितरित करती थी।
भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार की 'सबुज साथी' योजना का नाम बदलकर 'सारथी' कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम हावड़ा में उच्च गुणवत्ता वाली साइकिल बनाने वाली फैक्टरी लगाने के लिए जमीन आवंटित करेंगे। सारथी योजना के तहत इस शैक्षणिक वर्ष में 12.59 लाख छात्रों को साइकिल मिलेगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सारथी योजना के तहत स्कूलों के लिए संयुक्त अनुदान के तौर पर 300 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
उन्होंने पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर ‘‘तुष्टीकरण की राजनीति’’ के तहत एक खास समुदाय के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का आरोप लगाया।