बंगाल चुनाव: प्रमुख नेताओं ने डाला वोट, शांतिपूर्ण मतदान के लिए अपील की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-04-2026
Bengal elections: Prominent leaders cast their votes, appeal for peaceful polling
Bengal elections: Prominent leaders cast their votes, appeal for peaceful polling

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की।

इन नेताओं में राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, भाजपा के दिलीप घोष, कांग्रेस की मौसम बेनजीर नूर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उदयन गुहा शामिल हैं।
 
पूर्व मेदिनीपुर जिले में शुभेंदु अधिकारी ने सुबह आठ बजे से पहले कांथी स्थित अपने शांति कुंज आवास के पास नंदनायकबार प्राथमिक विद्यालय में मतदान किया।
 
मतदान के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ रहे अधिकारी ने कहा, “मैं शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रार्थना करता हूं। वे (टीएमसी) ज्यादा अशांति नहीं फैला सके और आगे भी नहीं फैला पाएंगे। मतदान से पहले की रात अहम होती है। प्रथम दृष्टया निर्वाचन आयोग और केंद्रीय बल बधाई के पात्र हैं।”
 
उन्होंने कहा, “सूर्य प्रणाम के बाद मैंने आकर मतदान किया। यह वोट दोहरा महत्व रखता है, क्योंकि महिलाएं, सनातनी हिंदू और अन्य राष्ट्रवादी समुदाय ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के अत्याचारों का जवाब देने के लिए एकजुट हैं।”
 
अधिकारी ने दावा किया कि मतदाता सूची से मृत और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाने के कारण परिणाम भाजपा के पक्ष में होगा।
 
नंदीग्राम से पुनः चुनाव लड़ने के अलावा अधिकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट से भी चुनाव मैदान में हैं, जहां 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।
 
पहले चरण में सुबह 11 बजे तक 3.60 करोड़ मतदाताओं में से 41 प्रतिशत से अधिक लोगों ने मतदान किया। इस दौरान कुछ क्षेत्रों से छिटपुट झड़पों की खबरें भी मिलीं।
 
राज्य की 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान जारी है। 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 167 महिलाओं सहित कुल 1,478 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।
 
नंदीग्राम से टीएमसी के उम्मीदवार पबित्र कर ने भी शंभुनाथ प्राथमिक शिक्षा सदन में मतदान किया।
 
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर सदर में भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने सेरोसा स्टेडियम स्थित बूथ संख्या 263 पर वोट डाला।
 
घोष ने कहा, “लोग शांतिपूर्वक मतदान कर रहे हैं। स्थिति सामान्य है।”