आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फोलेरिन बेलोगन ने बुधवार रात विश्व कप के राउंड ऑफ 32 मैच में बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ टूर्नामेंट का अपना तीसरा गोल करके अमेरिका को बढ़त दिलाई लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत में उन्हें लाल कार्ड मिला जिससे मेजबान टीम को 2-0 की जीत के दौरान बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
बेलोगन ने एनबीए के लेब्रोन जेम्स के ‘द साइलेंसर’ मूव के साथ दो बार गोल का जश्न मनाया। उन्होंने पहली बार जब गोल किया था तो ऑफ साइड के कारण गोल को अमान्य कर दिया गया।
तारिक मुहरेमोविच के दाहिने टखने पर पैर रखने के कारण उन्हें ब्राजील के रैफरी राफेल क्लॉस ने 64वें मिनट में लाल कार्ड दिखाया। क्लॉस ने शुरू में कार्ड का संकेत नहीं दिया लेकिन वीडियो रिव्यू के बाद बेलोगन को लाल कार्ड दिखाया।
बेलोगन विश्व कप नॉकआउट मैच में गोल करने और फिर बाहर भेजे जाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में ब्राजील के रोनाल्डिन्हो और 2006 में इटली के खिलाफ फाइनल में फ्रांस के जिनेदिन जिदान के साथ ऐसा हो चुका है।
अमेरिका के कोच मौरिसियो पोचेतिनो ने कहा, ‘‘यह कभी भी जानबूझकर नहीं किया गया था। यह कभी भी लाल कार्ड नहीं होता। कभी नहीं।’’
बेलोगन अब सोमवार को बेल्जियम के खिलाफ होने वाले प्री क्वार्टर फाइनल मैच से निलंबित रहेंगे।
डिफेंडर क्रिस रिचर्ड्स ने कहा, ‘‘हमने उससे कहा कि हम उसके साथ हैं। हम 26 लोगों की टीम हैं, सिर्फ एक की नहीं। अगर एक खिलाड़ी बाहर हो जाता है तो दूसरा खिलाड़ी आगे आता है।’’
इससे पहले 31वें मिनट में ऑफ साइड के कारण बेलोगन का गोल अमान्य होने के बाद उन्होंने 45वें मिनट में अमेरिका को बढ़त दिलाई। मलिक टिलमैन के पास को बोस्निया के स्टजेपन राडेलजिक ने स्लाइडिंग करने क्लियर करने की कोशिश में बेलोगन की तरफ मोड़ दिया था।
गेंद मुहरेमोविक के पैर से टकराकर बेलोगन के सामने आई और उन्होंने अपने बाएं पैर से दनदनाता हुआ शॉट लगाकर गोलकीपर निकोला वासिलज को छकाकर गोल कर दिया। यह टूर्नामेंट में उनका तीसरा और कुल मिलाकर 12वां अंतरराष्ट्रीय गोल था।
टिलमैन ने इसके बाद दूसरे हाफ में 82वें मिनट में एक और गोल दागकर अमेरिका की जीत सुनिश्चित की।