आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में पिछले आठ वर्षों में इस साल जनवरी से मई के बीच हवा सबसे साफ दर्ज की गई। हालांकि, इसमें कोविड प्रभावित वर्ष 2020 शामिल नहीं है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने सोमवार को आंकड़े जारी कर यह जानकारी दी।
सीएक्यूएम ने बताया कि इस वर्ष इस अवधि में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुधरकर 211 रहा।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में सीएक्यूएम ने बताया कि वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों के दौरान औसत एक्यूआई 211 रहा, जबकि 2025 की समान अवधि में यह 214, 2024 में 231, 2023 में 213, 2022 में 238, 2021 में 235, 2019 में 237 और 2018 में 243 था। वहीं, कोविड-19 लॉकडाउन के कारण वर्ष 2020 में एक्यूआई सुधरकर 181 पर आ गया था।
आयोग ने यह भी कहा कि वर्ष 2020 और 2021 को छोड़कर, इस साल मई के दौरान दिल्ली का औसत एक्यूआई पिछले आठ वर्षों में दर्ज किया गया दूसरा सबसे बेहतर सूचकांक था।
राजधानी में मई 2026 में औसत एक्यूआई 157 दर्ज किया गया, जो मई 2025 के 170, 2024 के 223, 2023 के 171, 2022 के 212, 2019 के 221 और 2018 के 217 के मुकाबले एक बड़ा सुधार है। वर्ष 2020 और 2021 दोनों में मई का औसत एक्यूआई 144 रहा था।
सीएक्यूएम के अनुसार, दिल्ली में इस साल जनवरी-मई की अवधि के दौरान अपेक्षाकृत साफ हवा वाले दिनों की संख्या भी अधिक रही।
राष्ट्रीय राजधानी में वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों के दौरान 'अच्छी' से 'संतोषजनक' एक्यूआई श्रेणियों में 75 दिन दर्ज किए गए। इसके मुकाबले 2025 में ऐसे दिनों की संख्या 70, 2024 में 75, 2023 में 74, 2022 में 37, 2021 में 59, 2019 में 59 और 2018 में 44 थी।
वर्ष 2020 में यह संख्या 98 थी जब महामारी के कारण वाहनों की आवाजाही और औद्योगिक गतिविधियों पर कड़ा प्रतिबंध लागू था।