बांग्लादेश में मदरसे में लगी आग: धुएं के कारण 79 छात्र बीमार, चार की हालत गंभीर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-11-2026
Bangladesh madrasa fire: 79 students fall ill due to smoke, four in critical condition
Bangladesh madrasa fire: 79 students fall ill due to smoke, four in critical condition

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बांग्लादेश में मंगलवार को एक मदरसे में आग लगने के बाद धुएं के कारण कम से कम 79 छात्र बीमार हो गए, जिनमें से चार छात्रों की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज डॉट कॉम’ ने अग्निशमन विभाग के हवाले से बताया कि आग राजधानी ढाका से करीब 16 किलोमीटर दूर नारायणगंज स्थित जामिया अशरफिया मदरसे में लगी।
 
छात्रों को इलाज के लिए ढाका के ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी’ में ले जाया गया। चिकित्सा संस्थान के चिकित्सक डॉ. सुल्तान महमूद शिकदर ने बताया कि इनमें से 63 छात्रों को अस्पताल में भर्ती किया गया या आपातकालीन निगरानी में रखा गया, जबकि शुरुआती इलाज के बाद 16 छात्रों को छुट्टी दे दी गई।
 
उन्होंने बताया कि 14 से 22 साल की उम्र के चार छात्र गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती हैं, जिनमें से एक छात्र को जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
 
अस्पताल की ओर से जारी बयान में शिकदर ने कहा कि किसी भी छात्र के शरीर पर झुलसने के निशान नहीं हैं, लेकिन जहरीला धुआं सांस के जरिए फेफड़े में जाने से सभी को सांस संबंधी समस्याएं आई हैं।
 
उन्होंने बताया कि छात्रों की हालत का आकलन करने के लिए चिकित्सकों का एक मेडिकल बोर्ड बनाया गया है, गंभीर रूप से बीमार छात्रों की स्थिति का सही आकलन करने में चिकित्सकों को कम से कम 72 घंटे का समय लगेगा।
 
‘ढाका ट्रिब्यून’ समाचार पत्र ने अग्निशमन विभाग के ड्यूटी अधिकारी शाहजहां के हवाले से बताया कि मदरसे की पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी।
 
उन्होंने कहा कि धुआं तेजी से पूरी इमारत में फैल गया, जिससे वहां रह रहे छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।