कालीकट (केरल)
केरल के कालीकट स्थित नॉलेज सिटी में 6 मार्च को एक भव्य आध्यात्मिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक इस्लामी घटना जंग-ए-बदर की याद में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भारत की सबसे बड़ी सामूहिक इफ्तार सभाओं में से एक आयोजित होगी, जिसमें देश और विदेश से आए हजारों लोग शामिल होंगे।
यह कार्यक्रम Jamia Markaz Saqafathi Sunniyya के तत्वावधान में नॉलेज सिटी स्थित भव्य Indian Grand Mosque Jamiul Fath में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह एक दिवसीय ‘बदर अल-कुबरा’ वैश्विक आध्यात्मिक सम्मेलन होगा, जिसमें विश्व शांति और मानवता के लिए विशेष दुआ की जाएगी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नॉलेज सिटी के प्रबंध निदेशक और जामिउल फतह मस्जिद के मुख्य इमाम व खतीब Dr Abdul Hakim Azhari ने बताया कि जंग-ए-बदर इस्लामी इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना है। इस युद्ध में हक और बातिल के बीच निर्णायक मुकाबला हुआ था। इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर साल यह आध्यात्मिक सम्मेलन आयोजित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस साल का आयोजन खास इसलिए भी है क्योंकि इसमें देश के प्रतिष्ठित उलेमा, बुद्धिजीवी, लेखक, सामाजिक कार्यकर्ता और विदेशों से आए धार्मिक विद्वान भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में कई देशों के शेख, राजनयिक प्रतिनिधि और इस्लामी विद्वान भी मौजूद रहेंगे।
डॉ. अब्दुल हकीम अज़हरी ने बताया कि इस आयोजन की एक खास बात यह भी है कि सामूहिक इफ्तार में विभिन्न धर्मों के लोग भी शामिल होंगे। इससे राष्ट्रीय एकता और धार्मिक सहिष्णुता का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भारत की बहुलतावादी परंपरा और सामाजिक सद्भाव का एक सुंदर उदाहरण बनेगा।
सम्मेलन के दौरान कई धार्मिक और आध्यात्मिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें हल्का-ए-जिक्र, बुरदा शरीफ की प्रस्तुति, बदर मौलूद, सामूहिक कुरआन पाठ, एतिकाफ सभा, मजलिस-ए-दुरूद और सलात-उत-तसबिह जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। इसके बाद भव्य सामूहिक इफ्तार का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विश्व शांति के लिए विशेष दुआ की जाएगी। इस सम्मेलन का मुख्य संबोधन भारत के ग्रैंड मुफ्ती Sheikh Abubakr Ahmad देंगे।आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में डॉ. हुसैन सकाफी, सी. मोहम्मद फैज़ी, मौलाना अब्दुर्रहमान पेरोड, सैयद इब्राहिम खलील बुखारी और सैयद अली बाफक़ीह सहित कई प्रमुख विद्वान भी भाग लेंगे।
नॉलेज सिटी के शांत और हरियाली से भरपूर वातावरण में यह कार्यक्रम रात से लेकर सहरी तक जारी रहेगा। आयोजन समिति ने बताया कि रोज़ेदारों और आने वाले मेहमानों के लिए हर प्रकार की सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है।डॉ. अब्दुल हकीम अज़हरी ने सभी आशिकाने-रसूल से अपील की है कि वे इस आध्यात्मिक सम्मेलन में बड़ी संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाएं और विश्व शांति के लिए दुआ करें।





