रांची
झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण इंडिगो ने 24 फ्लाइट मूवमेंट रद्द कर दिए। इससे 12 निर्धारित फ्लाइट रोटेशन प्रभावित हुए, जिनमें 12 आगमन और 12 प्रस्थान शामिल हैं।
एयरलाइन के अनुसार, 25 सितंबर को रांची में प्रतिकूल मौसम की स्थिति के चलते इन उड़ानों को रद्द किया गया। यात्रियों से अपनी उड़ानों की ताजा स्थिति जानने के लिए एयरलाइन के संपर्क में रहने को कहा गया है।
रद्द की गई उड़ानों में रांची को कोलकाता, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, अहमदाबाद, पटना और दिल्ली से जोड़ने वाली सेवाएं शामिल थीं।प्रभावित उड़ानों में 6E 7561/7562 कोलकाता-रांची-कोलकाता, 6E 6484/6799 पुणे-रांची-बेंगलुरु, 6E 421/398 हैदराबाद-रांची-हैदराबाद और 6E 6087/6088 मुंबई-रांची-मुंबई मार्ग की उड़ानें शामिल हैं।
इसके अलावा अहमदाबाद-रांची-पटना, दिल्ली-रांची-दिल्ली, पटना-रांची-अहमदाबाद, बेंगलुरु-रांची-पुणे और कोलकाता-रांची-कोलकाता मार्गों की कुछ उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
इस बीच, एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची-बेंगलुरु मार्ग पर संचालित उड़ान IX 1239/1244 भी परिचालन संबंधी कारणों से रद्द कर दी गई।वहीं, दिल्ली से रांची आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX 1046 भी देरी से पहुंची। इस उड़ान का निर्धारित आगमन समय सुबह 8:40 बजे था, लेकिन यह 9:56 बजे रांची पहुंची।
इसी तरह रांची से दिल्ली जाने वाली उड़ान IX 1047 को सुबह 9:10 बजे रवाना होना था, लेकिन यह 10:52 बजे रवाना हुई।यात्रियों से अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क कर उड़ानों की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।
इससे पहले बुधवार को इंडिगो की लंदन से नई दिल्ली आने वाली उड़ान 6E 04 तकनीकी समस्या के कारण लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट लौट गई थी।एयरलाइन ने बताया कि 22 सितंबर को उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी समस्या का पता चला। मानक संचालन प्रक्रिया के तहत पायलटों ने विमान को वापस हीथ्रो ले जाने का फैसला किया, जहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।
इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलटों ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए विमान को वापस लंदन ले जाकर सुरक्षित उतारा।