Assam: Meteorological Department predicts more rain in several flood-affected areas
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम में बाढ़ की स्थिति बुधवार को भी गंभीर बनी रही और चार जिलों में 1.12 लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हैं तथा बाढ़ से प्रभावित कई इलाकों में और बारिश होने का अनुमान है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के एक अधिकारी ने बताया कि कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं, जिससे कुछ नए इलाकों में भी बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
उन्होंने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के गुवाहाटी केंद्र ने चराईदेव, डिब्रूगढ़, जोरहाट, शिवसागर और तिनसुकिया जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने और बिजली गिरने का अनुमान जताया है।
अधिकारी ने बताया कि गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर है, जिससे बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, इसलिए लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी गई है।
एएसडीएमए के दैनिक बाढ़ बुलेटिन के अनुसार, बाढ़ के कारण किसी और व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है और इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या 101 बनी हुई है।