आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को महान गायक भूपेन हजारिका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राज्य के सांस्कृतिक परिदृश्य में उनका योगदान अतुलनीय है।
‘ब्रह्मपुत्र के कवि’ के नाम से लोकप्रिय हजारिका का 2011 में मुंबई में निधन हो गया था। उन्हें मरणोपरांत 2019 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया था।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डॉ. भूपेन हजारिका एक ऐसा नाम, जिसकी गूंज असम और उससे बाहर भी हर घर में सुनाई देती है। भारत रत्न से सम्मानित हजारिका का असम के सांस्कृतिक परिदृश्य में योगदान अतुलनीय है और हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें उनकी प्रस्तुतियों को देखने का अवसर मिला।’’
शर्मा ने कहा, ‘‘हजारिका की पुण्यतिथि के अवसर पर मैं आज ‘सुधाकंठ’ को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी विरासत को हम हमेशा संजोकर रखेंगे।’’
इस महान संगीतकार की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में सालभर चलने वाले समारोह की शुरुआत आठ सितंबर 2025 को हुई थी। इसका समापन 29 नवंबर को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में होगा।