Assam Chief Secretary meets British Deputy High Commissioner, discusses India-UK FTA
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के मुख्य सचिव रवि कोटा ने बुधवार को कहा कि उन्होंने ब्रिटिश उप उच्चायुक्त एंड्रयू फ्लेमिंग से मुलाकात की और भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के मद्देनजर सहयोग बढ़ाने के लिए एक रणनीतिक रुपरेखा पर चर्चा की।
मुख्य सचिव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अन्य मुद्दों के अलावा, उन्होंने प्रस्तावित असम-ब्रिटेन अवसंरचना पहल और ब्रिटेन-भारत संप्रभु एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) साझेदारी पर भी चर्चा की।
कोटा ने बताया कि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में ब्रिटिश उप उच्चायुक्त एंड्रयू फ्लेमिंग और ब्रिटिश एफसीडीओ (विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय) की वरिष्ठ जलवायु एवं ऊर्जा सलाहकार हेमंती पोद्दार से मिलकर खुशी हुई।
कोटा ने कहा, ‘‘15 जुलाई 2026 से लागू होने वाले भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के संदर्भ में, हमने असम के तेजी से विकसित हो रहे आर्थिक माहौल का लाभ उठाते हुए निवेश को बढ़ावा देने, निर्यात बढ़ाने, प्रोद्योगिकी को अपनाने, बुनियादी ढांचे के विकास और कौशल बढ़ाने के क्षेत्रों में असम-ब्रिटेन सहयोग को मजबूत करने के लिए एक रणनीतिक रुपरेखा पर चर्चा की।’’
बैठक पर टिप्पणी करते हुए फ्लेमिंग ने कहा कि सही समय पर यह चर्चा हुई, क्योंकि ब्रिटेन-भारत एफटीए जल्द ही लागू होने वाला है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अवसंरचना, एग्री-टेक (कृषि प्रौद्योगिकी), एआई, कौशल विकास, खेल, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम, जलवायु और ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में अवसरों पर चर्चा की।’’