अरुणाचल के मंत्री ने केंद्र से कृषि क्षेत्र के लिए सहयोग बढ़ाने का आग्रह किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-05-2026
Arunachal Pradesh minister urges Centre to enhance support
Arunachal Pradesh minister urges Centre to enhance support

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अरुणाचल प्रदेश ने केंद्र से बीजों के लिए समय पर वित्तपोषण और जैविक खेती की पहलों के विस्तार पर विशेष ध्यान देते हुए पूर्वोत्तर में कृषि और बागवानी क्षेत्र के लिए समर्थन मजबूत करने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य के मंत्री गेब्रियल डी वांगसू ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में ‘खरीफ अभियान 2026 के लिए कृषि’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेते हुए कहा कि कृषि पैदावार बढ़ाने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज सबसे महत्वपूर्ण साधन हैं।
 
शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने बीज संबंधी कार्यक्रमों के तहत समय पर धन आवंटित एवं जारी किए जाने का आह्वान किया तथा पूर्वोत्तर की कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुकूल अधिक प्रमाणित बीज किस्मों के विकास की मांग की।
 
उन्होंने क्षेत्र की विशिष्ट कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप बीज उत्पादन के लिए स्थानीय और क्षेत्रीय कंपनियों को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें सूचीबद्ध करने का सुझाव दिया।
 
वांगसू ने दूरदराज के क्षेत्रों में किसानों के सामने आने वाली चुनौतियों को रेखांकित करते हुए बुनियादी ढांचे, किसानों के प्रशिक्षण और वितरण के लिए बीज ग्राम कार्यक्रम तथा बीज एवं रोपण सामग्री पर उप-मिशन (एसएमएसपी) के तहत अधिक समर्थन दिए जाने की मांग की।
 
मंत्री ने प्रमाणित बीजों की ऊंची लागत और पूर्वोत्तर राज्यों के किसानों की सीमित खरीद क्षमता का हवाला देते हुए अधिक वित्तीय सहायता की भी मांग की।