रांची के व्यस्त इलाके में पेड़ से लटकता मिला आर्मी जवान का शव, हत्या या आत्महत्या की जांच जारी

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 24-11-2023
Army jawan's body found hanging from a tree in a busy area of Ranchi
Army jawan's body found hanging from a tree in a busy area of Ranchi

 

आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली 

रांची शहर के बेहद व्यस्त इलाके कडरू ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक पेड़ से एक युवक का शव लटकता देख सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच शव को पेड़ से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा. मृतक की पहचान आर्मी के जवान मनोज कुमार सिंह के रूप में हुई है.
 
पुलिस के अनुसार वह उत्तराखंड का रहने वाला था। जवान ने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर टांगा गया, यह साफ नहीं हो पाया है. पुलिस तफ्तीश में जुटी है.
 
रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि मनोज कुमार सिंह की तैनाती पूर्व में जमशेदपुर के सोनारी में थी. वह डेढ़ महीना पूर्व रांची आए थे और आर्मी के रांची स्थित दीपाटोली कैंट में ड्यूटी कर रहे थे.
 
शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी की एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है. जानकारी मिलते ही डोरंडा थाना प्रभारी आनंद किशोर प्रसाद मौके पर पहुंचे. जब उन्होंने मृतक के पॉकेट की तलाशी की तो उसका परिचय पत्र मिला. इसके आधार पर उनकी पहचान हुई.
 
दीपाटोली कैंट स्थित आर्मी कार्यालय को भी इसकी सूचना दी गई. पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में यह भी पता चला है कि मनोज दीपाटोली स्थित आर्मी कैंट से रांची रेलवे स्टेशन के लिए निकले थे. उन्होंने घर जाने के लिए छुट्टी ली थी. वह रेलवे स्टेशन के बजाय कडरू ओवरब्रिज के इलाके में कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है.