अन्नामलाई ने भाजपा छोड़ी, नयी पार्टी बनाने की घोषणा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-06-2026
Annamalai quits BJP, announces formation of new party
Annamalai quits BJP, announces formation of new party

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 


 
अपनी आक्रामक राजनीतिक शैली के कारण लोकप्रियता हासिल करने वाले और द्रविड़ दलों को सीधे चुनौती देने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया।
 
अन्नामलाई ने कहा कि उनके लक्ष्य बड़े हैं और नये समावेशी एजेंडे के तहत अधिक लोगों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने घोषणा की कि वह नया राजनीतिक दल बनाएंगे और तमिलनाडु में अगला चुनाव लड़ेंगे।
 
अन्नामलाई ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, ‘‘मेरे मन में प्रधानमंत्री मोदी के लिए बहुत सम्मान है।’’
 
उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने गरिमापूर्ण तरीके से भाजपा छोड़ी है। उन्होंने नयी तरह की राजनीति की शुरुआत करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
 
अन्नामलाई ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा उनका इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद कहा, ‘‘आज से एक नया रास्ता, एक नया आंदोलन, एक नयी मुहिम शुरू होगी।’’
 
ऐसा बताया जा रहा है कि अन्नामलाई ने दिल्ली की अपनी हालिया यात्रा के दौरान अपना इस्तीफा सौंपा था।
 
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।’’
 
अन्नामलाई के समर्थकों ने पटाखे जलाकर और मिठाइयां बांटकर उनके फैसले का स्वागत किया। वहीं, भाजपा ने कहा कि अन्नामलाई के जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।