Andhra Pradesh: 13 people died in a bus fire; President Murmu and Prime Minister Modi expressed condolences.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में बृहस्पतिवार को एक निजी बस की एक ट्रक से टक्कर होने के बाद उसमें आग लग जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई तथा 22 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हालांकि, जिले के पुलिस अधीक्षक वी हर्षवर्धन राजू ने पहले 14 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी लेकिन बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे में लोगों की मौत होने पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में बस हादसे के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे में लोगों के मारे जाने पर दुख जताया और प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में हुआ हादसा दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति मैं संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’’
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी मार्कापुरम जिले में रायवरम के निकट हुए इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘हादसे के समय बस में कुल 35 यात्री सवार थे जिनमें से 13 की मौत हो गई और 22 अन्य घायल यात्रियों का फिलहाल उपचार किया जा रहा है। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।’’
बस ट्रक के डीजल टैंक से टकरा गई जिससे उसमें भीषण आग लग गई।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और परिजनों की सहायता के लिए मार्कापुरम उपजिलाधिकारी कार्यालय में एक कमान एवं नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
यह निजी बस तेलंगाना के जगतियाल से नेल्लोर जिले के कालीगिरि जा रही थी तभी सुबह साढ़े पांच बजे से छह बजे के बीच यह हादसा हुआ। जोरदार टक्कर के कारण ट्रक पलट गया और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।