An elephant that was swept away from the Nagaland hills and reached Assam due to floods has been rescued.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के वन मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने शनिवार को कहा कि बाढ़ के पानी के तेज बहाव के कारण नगालैंड की पहाड़ियों से ब्रह्मपुत्र घाटी तक बहकर आए एक पालतू हाथी को बचा लिया गया है और उसका उपचार किया जा रहा है।
बरुआ ने कहा कि नगालैंड के नामसांग से 53 साल का हाथी ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी दिखौ में बह गया और असम के शिवसागर जिले के बिहुबोर में किनारे आ लगा।
मंत्री ने बताया कि शुक्रवार को हाथी को सुरक्षित बचा लिया गया और अब उसका इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम आपदा से निपटने और पशु कल्याण में जुटे हैं, ऐसे में हमारा ध्यान इस बात पर भी है कि आपात स्थितियों में हर जान -- चाहे वह इंसान की हो या जानवर की -- को समय से देखभाल मिले।’’
मंत्री ने कहा कि यह बचाव कार्य उन अग्रिम कर्मियों के समर्पण को दिखाता है, जो बाढ़ के दौरान पानी बढ़ने से बेघर हुए जंगली और पालतू जानवरों को बचाने के लिए दिन-रात काम करते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को भी असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही, लेकिन अब कुछ इलाकों में पानी का स्तर घटने लगा है। बाढ़ के कारण कुल 61 लोगों की मौत हुई है और नौ जिलों में 7.05 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।