आईसा के कार्यकर्ता सामूहिक हिरासत के एक दिन बाद फिर से जंतर मंतर पर लौटे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-10-2026
AISA activists return to Jantar Mantar a day after mass detention
AISA activists return to Jantar Mantar a day after mass detention

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक नेताओं और छात्र कार्यकर्ताओं समेत 1,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के एक दिन बाद शनिवार को आईसा के कार्यकर्ता कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच जंतर-मंतर के पास जुटने लगे।
 
आईसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के आह्वान के बाद शनिवार को प्रदर्शनकारी जमा हुए। बोरा को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था।
 
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपराह्न एक बजे जंतर-मंतर लौटने और विरोध प्रदर्शन जारी रखने को कहा था। प्रदर्शनकारी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चिंता जताते हुए कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
 
पुलिस ने प्रदर्शन स्थल के पास लोगों के जुटते ही उन्हें हिरासत में लेना शुरू कर दिया। सुरक्षा कर्मियों को कई जगहों पर तैनात किया गया था और जंतर-मंतर की ओर जाने वाली सड़कों पर अवरोधक लगाए गए थे। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में प्रदर्शन के दौरान आईसा, एसएफआई, एनएसयूआई, आप और अन्य राजनीतिक व छात्र संगठनों से जुड़े 1,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।