आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सोमवार को एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की कई उड़ानों में देरी हुई, क्योंकि सरकारी ‘ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी’ एआईएएसएल के कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने और अन्य मांगों को लेकर मुंबई हवाई अड्डे पर प्रदर्शन किया।
एआईएएसएल मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और देश के दूसरे विमान पत्तनों पर एअर इंडिया समूह (एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस) के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विमानतल पर सेवाएं प्रदान करती है।
एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि मुंबई हवाई अड्डे पर एक ‘थर्ड-पार्टी’ एजेंसी के कर्मचारियों की एक औद्योगिक गतिविधि की वजह से परिचालन पर असर पड़ रहा है।
एयरलाइन ने कहा, ‘‘विमान पत्तन पर हमारे दल यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करने और जल्द से जल्द सामान्य परिचालन शुरू करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’
हालांकि, एअर इंडिया ने यह नहीं बताया कि एआईएएसएल कर्मचारियों के प्रदर्शन की वजह से कितनी उड़ानों पर असर पड़ा।
एआईएएसएल ने कहा कि कर्मचारियों ने प्रबंधन से यह भरोसा मिलने के बाद फिर से काम शुरू कर दिया कि उनकी मांगों पर ध्यान दिया जाएगा। एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रामबाबू ने कहा, ‘‘कर्मचारियों के एक वर्ग विशेष ने शांतिपूर्वक मोर्चा निकाला था और हमने उनसे बातचीत के लिए लिखकर (अपनी मांगें) देने का अनुरोध किया। उन्होंने अच्छाई दिखाई और वापस जाकर काम पर लौटे।’’
रामबाबू ने कहा, ‘‘उन्होंने हमें एक पत्र दिया है। हमने उनसे कहा है कि हम नीति के हिसाब से उस पर गौर करेंगे।’’