आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में लगी जंगल की आग को बुझाने में मदद के लिए एक अभियान चलाया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चार दिवसीय अभियान के दौरान 54 हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और प्रभावित वन क्षेत्रों तथा आसपास की बस्तियों पर लगभग 1.62 लाख लीटर पानी गिराया गया।
उन्होंने बताया कि पूर्वी सियांग जिला प्रशासन द्वारा मेबो क्षेत्र में जंगल की आग फैलने की सूचना देने और हेलीकॉप्टर सहायता मांगने के बाद आठ मार्च को यह अभियान शुरू किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि इस अनुरोध के बाद, राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग ने रक्षा मंत्रालय और पूर्वी वायु कमान से संपर्क किया, जिसके बाद भारतीय वायु सेना ने अभियान शुरू किया।
राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलू द्वारा जारी एक प्रेस बयान में कहा गया है कि अभियान के दौरान, हेलीकॉप्टर ने सियांग नदी से पानी लेकर उसे आंतरिक वन क्षेत्रों के साथ-साथ मानव बस्तियों के निकट के स्थानों पर गिराया।