आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अहमदाबाद में पर्याप्त बुनियादी ढांचा मौजूद है और इसके साथ ही स्पष्ट किया कि भारत की मेजबानी में दूसरी बार होने वाले यह खेल सुगमता और स्थिरता के मामले में नए मानदंड स्थापित करेंगे।
अहमदाबाद 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों के 100 साल पूरे होने पर इन खेलों की मेजबानी करेगा। इस तरह से दो दशक के बाद इन खेलों की भारत में वापसी होगी। भारत ने आखिरी बार 2010 में नयी दिल्ली में इन खेलों का आयोजन किया था।
राज्य में खेल मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे संघवी ने कहा कि अहमदाबाद का सबसे बड़ा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर होगा कि खेल पैरा खिलाड़ियों के लिए पूरी तरह से समावेशी हों।
उन्होंने रविवार को कहा, ‘‘पैरा खिलाड़ियों के लिए अहमदाबाद एक नया उदाहरण पेश करेगा। हम पहले से ही सभी होटलों को पैरा खिलाड़ियों के लिए सुलभ बना रहे हैं। हमारा लक्ष्य इसे पैरा खिलाड़ियों के लिए सबसे अनुकूल राष्ट्रमंडल खेल बनाना है।’’
संघवी ने कहा कि इन खेलों का आयोजन पर्यावरण के अनुकूल बुनियादी ढांचे में किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात भारत में हरित ऊर्जा का सबसे बड़ा उत्पादक है। अहमदाबाद सतत विकास के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ मानक स्थापित करेगा। सभी स्थानीय परिवहन विद्युतचालित होंगे। फिलहाल यह लगभग 90 प्रतिशत विद्युतचालित है, लेकिन 2030 तक यह 100 प्रतिशत हो जाएगा।’’
संघवी ने कहा कि शहर में खेलों की मेजबानी के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा पहले से ही मौजूद है, जिसमें केवल कुछ सीमित सुधारों की जरूरत है।