After the death of filmmaker Sanjay Gupta, his wife appealed for privacy.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिवंगत फिल्मकार संजय गुप्ता की पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने सोमवार को मीडिया से निजता बनाए रखने का अनुरोध किया। वह और उनके दो छोटे बच्चे, 59 वर्ष की आयु में निर्देशक के अचानक निधन के कारण गहरे शोक में हैं।
संजय गुप्ता शनिवार को मुंबई के वर्सोवा स्थित अपने आवास पर गिरने से सिर में लगी चोट के कारण मृत पाए गए थे।
रविवार को सोशल मीडिया पर गुप्ता की 13 साल की बेटी के कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें वह अंतिम संस्कार के दौरान पैपराजी को अपनी बीच वाली उंगली दिखाती नजर आ रही है। अनुराधा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में अपनी बेटी के गुस्से की वजह बताते हुए मीडिया से इन वीडियो को हटाने का अनुरोध किया।
उन्होंने लिखा, ''हमारी जिंदगी का एक हिस्सा हमेशा के लिए खो गया है और इस कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता। इस मुश्किल समय में परिवार के सदस्यों, दोस्तों, संजय के प्रशंसकों और मीडिया के मित्रों से मिले प्यार, संवेदनाओं और हौसले के लिए मैं अपने परिवार की ओर से दिल से आभार व्यक्त करती हूं। ''