एक माह बाद शिवकुमार सपरिवार पहुंचे सिद्धरमैया के घर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-07-2026
After a month, Shivakumar and his family reached Siddaramaiah's house.
After a month, Shivakumar and his family reached Siddaramaiah's house.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में एक माह पूरा करने के बाद डी के शिवकुमार ने शुक्रवार को यहां अपने पूर्ववर्ती सिद्धरमैया से भेंट की तथा उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन लिया।

अपनी पत्नी उषा और भाई डी.के. सुरेश के साथ शिवकुमार यहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धरमैया से मिलने उनके आवास पर पहुंचे तथा साथ में नाश्ता किया।
 
शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री के तौर पर अपना एक माह पूरा होने पर, मुझे अपने परिवार के साथ श्री सिद्धरमैया से मिलने का सौभाग्य मिला।’’
 
उन्होंने ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं।
 
शिवकुमार ने लिखा, ‘‘सिद्धरमैया के नेतृत्व, अनुभव और कर्नाटक की जनता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने हमारे राज्य की विकास यात्रा को मजबूत किया है। हम एक मज़बूत और प्रगतिशील कर्नाटक बनाने की दिशा में पूरी लगन से जुटे हैं, ऐसे में मेरे लिए उनके मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद की बड़ी अहमियत है।’’
 
बाद में सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार आज अपनी पत्नी श्रीमती उषा और अपने भाई डी के सुरेश के साथ मेरे घर आए। हमने साथ में नाश्ता किया और बातचीत की।’’
 
शिवकुमार ने तीन जून को 13 मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने सिद्धरमैया की जगह ली जिन्होंने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।