नागपुर
महाराष्ट्र के नागपुर शहर में कंबल बेचने वाले एक अफगान नागरिक पर तीन लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले से पहले एक आरोपी ने उसे "आतंकवादी" कहकर संबोधित किया था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
घटना रविवार रात यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के यादव नगर इलाके में हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अजय चव्हाण और उसके दो दोस्त—ऋषि और मयंक—ने अफगान नागरिक फहीम खान उर्फ ममतूर मरगक के साथ पहले बहस की, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। पुरानी पैसों की लेन-देन को लेकर विवाद बताया जा रहा है।
झगड़े के दौरान चव्हाण ने कथित तौर पर मरगक को "आतंकवादी" कहा और उसके सिर पर सीमेंट का ब्लॉक मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। मामले की जांच जारी है।