Action will be taken against Shiv Sena (Ubatha) MPs who violated the whip: Arvind Sawant
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में विद्रोह की अटकलों के बीच, उसके सांसदों की नयी दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक से पहले पार्टी नेता अरविंद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘व्हिप’ का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिवसेना (उबाठा) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने कहा कि बागियों को ‘‘सबक सिखाने की जरूरत है।’’
सूत्रों के अनुसार, संकट गहराने के बीच शिवसेना (उबाठा) के बागी नेताओं के एक समूह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से बुधवार को अनौपचारिक मुलाकात की और निचले सदन में पार्टी के नौ में से छह सांसदों के समर्थन का दावा किया।
पार्टी नेतृत्व ने तीन लाइन का ‘व्हिप’ जारी किया और बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में संसदीय दल की आपात बैठक बुलाई। सांसदों के लिए बैठक में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।
राउत ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जरूरत के कारण व्हिप जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि व्हिप सभी सांसदों तक पहुंच गया है। इसे उनके घरों पर भेजा गया है, ईमेल किया गया है और व्हाट्सएप पर भी भेजा गया है।
सावंत ने कहा, ‘‘व्हिप का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पार्टी प्रमुख (उद्धव ठाकरे) से विचार-विमर्श के बाद कार्रवाई की जाएगी।’’