A lookout circular has been issued against the husband of a Kerala woman who died.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल में पुलिस ने एक महिला की मौत के मामले की जांच के बाद देश से कथित तौर पर फरार हुए उसके पति के खिलाफ ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
वलपट्टनम पुलिस ने महिला फातिमथा रिसा के पति आसिफ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने के बाद ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय रिसा 28 जुलाई को पोइथुमकडावु स्थित अपने घर में मृत पाई गई थी।
पुलिस ने शुरुआत में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था लेकिन जांच के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि शादी के बाद रिसा को कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था।
जांचकर्ताओं ने एक ‘सुसाइड नोट’ भी बरामद किया है और रिसा द्वारा उसके दोस्तों को भेजे गए व्हाट्सऐप संदेशों की भी जांच की है जिनमें उसने कथित तौर पर आपबीती बताई थी।
पुलिस ने आसिफ की तलाश शुरू कर दी है लेकिन आशंका है कि वह पहले ही देश छोड़कर दुबई पहुंच चुका है।
वलपट्टनम थाने के अधिकारियों ने बताया कि आसिफ के भारत लौटते ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि उसे केंद्रीय एजेंसियों की मदद से देश वापस लाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने रिसा के माता-पिता के बयान दर्ज कर लिए हैं और जांच के तहत आसिफ के परिवार के सदस्यों से भी जल्द ही पूछताछ की जाएगी।