‘आप’ की पंजाब इकाई के अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री बिट्टू पर ‘गुंडागर्दी’ का आरोप लगाया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-05-2026
‘आप’ की पंजाब इकाई के अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री बिट्टू पर ‘गुंडागर्दी’ का आरोप लगाया
‘आप’ की पंजाब इकाई के अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री बिट्टू पर ‘गुंडागर्दी’ का आरोप लगाया

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रवनीत सिंह बिट्टू पर निशाना साधते हुए उन पर धूरी में पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और “गुंडागर्दी” करने का आरोप लगाया।
 
अरोड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी बिट्टू के व्यवहार की कड़ी निंदा करती है।
 
रेल राज्य मंत्री बिट्टू की मंगलवार को संगरूर के धूरी में भाजपा नेता ओंकार सिंह की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान पुलिकर्मियों के साथ तीखी बहस हुई थी। सिंह को अनिवार्य ‘साइलेंट पीरियड’ के दौरान चुनाव प्रचार करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था।
 
पंजाब में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मंगलवार को मतदान हुआ था।
 
अरोड़ा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में बिट्टू पर जमकर हमला बोला और उन पर “गुंडागर्दी” का आरोप लगाया। बिट्टू सिंह की रिहाई की मांग कर रहे थे।
 
बिट्टू के व्यवहार को “शर्मनाक” करार देते हुए ‘आप’ नेता ने कहा कि किसी राष्ट्रीय पार्टी के इतने वरिष्ठ नेता का “गुंडागर्दी” में लिप्त होना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
 
अरोड़ा ने कहा कि नियमों के अनुसार, चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद कोई भी बाहरी व्यक्ति वहां नहीं रह सकता, लेकिन इसके बावजूद सिंह वहां मौजूद थे।
 
उन्होंने कहा, “जब पुलिसकर्मी अपना कर्तव्य निभा रहे थे और बिट्टू को समझाने की कोशिश कर रहे थे कि वह मनमानी न करें, तब उन्होंने एक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ‘गुंडा’ कहा था।”
 
यह पूछे जाने पर कि क्या पंजाब सरकार बिट्टू के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी, अरोड़ा ने कहा कि कार्रवाई करनी है या नहीं, इस पर फैसला मुख्यमंत्री भगवंत मान लेंगे।