डोपिंग को रोकने के लिए खिलाड़ियों के पोषण और खाद्य पूरकों की उचित जांच करने के निर्देश
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत के डोपिंग में खराब रिकार्ड को देखते हुए खेल मंत्रालय ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को खिलाड़ियों के लिए तैयार किए गए पोषण और खाद्य पूरकों की उचित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
मंत्रालय के सूत्रों ने ‘भाषा’ को बताया, ‘‘यह कदम दूषित, मिलावटी या गलत लेबल वाले पोषण संबंधी सप्लीमेंट से खिलाड़ियों का प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन के जोखिम को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।’’
भारत में डोपिंग की समस्या बहुत गंभीर है। पिछले तीन वर्षों से विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी के वार्षिक परीक्षण आंकड़ों में पॉजिटिव पाए जाने वाले नमूनों की दर के मामले में भारत शीर्ष पर रहा है।
मंत्रालय ने 11 अप्रैल 2022 के अपने पत्र का हवाला देते हुए दोहराया कि खाद्य पूरकों की खरीद, संरक्षण और वितरण की जिम्मेदारी एनएसएफ की है। एनएसएफ पोषण विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और सिफारिशों के आधार पर खिलाड़ियों के लिए ऐसे पूरक खाद्य पदार्थों की जरूरत का निर्धारण कर सकते हैं।