Two passengers infected with Hantavirus were found on a flight.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हंता वायरस से प्रभावित एक क्रूज जहाज से सुरक्षित निकाले गए यात्रियों ने सैन्य और सरकारी विमानों के जरिए अपने-अपने देशों को लौटना शुरू कर दिया है। हालांकि, यात्रा के दौरान दो अलग-अलग विमानों में संक्रमण के मामले सामने आने से चिंता बढ़ गई है।
जहाज से निकालकर स्वदेश भेजे जा रहे एक अमेरिकी यात्री में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि एक फ्रांसीसी यात्री में उड़ान के दौरान इस वायरस के लक्षण विकसित हुए हैं।
अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार देर रात बताया कि 'एमवी होंडियस' नामक समुद्री जहाज से निकाले गए 17 अमेरिकी यात्रियों में से एक व्यक्ति हंतावायरस से संक्रमित पाया गया है, हालांकि उसमें बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं।
इससे पहले, फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू ने एक बयान में कहा कि घर लौट रहे पांच फ्रांसीसी यात्रियों में से एक में विमान के भीतर ही लक्षण विकसित हो गए। एहतियात के तौर पर उन सभी को सख्त पृथकवास में रखा गया है और उनकी जांच की योजना बनाई जा रही है।
पश्चिमी अफ्रीकी तट के पास स्थित स्पेनिश द्वीप समूह के सबसे बड़े द्वीप टेनेरिफ पहुंचने के बाद यात्रियों को 'एमवी होंडियस' से उतारा गया।
इससे पहले, स्पेनिश स्वास्थ्य मंत्रालय, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और क्रूज कंपनी 'ओशनवाइड एक्सपीडिशन' के अधिकारियों ने कहा था कि जहाज पर मौजूद 140 से अधिक लोगों में से किसी में भी वायरस के लक्षण नहीं मिले थे।