आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एपल अपने पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को लेकर सुर्खियों में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाला iPhone Fold बैटरी के मामले में एक नया रिकॉर्ड बना सकता है। कहा जा रहा है कि इसमें अब तक किसी भी iPhone में इस्तेमाल की गई सबसे बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो यूज़र्स के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
टेक वेबसाइट GSM Arena की रिपोर्ट के अनुसार, iPhone Fold में करीब 5,500 mAh की बैटरी दी जा सकती है। अगर यह दावा सही साबित होता है, तो यह Apple के मौजूदा सबसे बड़ी बैटरी वाले फोन से लगभग 10 प्रतिशत ज्यादा होगी। अभी तक Apple की सबसे बड़ी बैटरी eSIM-only iPhone 17 Pro Max में देखने को मिली है।
इससे पहले iPhone Fold की बैटरी को लेकर 5,400 mAh से 5,800 mAh के बीच अनुमान लगाए जा रहे थे, लेकिन अब रिपोर्ट में इसे 5,500 mAh बताया गया है। यह Apple की रणनीति में एक अहम बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि कंपनी अब तक बड़ी बैटरी की बजाय सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन पर ज्यादा भरोसा करती रही है। हालांकि, iOS की बेहतर एफिशिएंसी के साथ इतनी बड़ी बैटरी फोन को लंबा बैकअप देने में मदद कर सकती है।
बैटरी के अलावा, iPhone Fold के डिजाइन और फीचर्स भी खास बताए जा रहे हैं। फोन के अनफोल्ड होने पर इसमें 7.8 इंच की इनर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जबकि बाहर की तरफ 5.5 इंच की कवर स्क्रीन दी जा सकती है। इस वजह से यह फोन खुलने पर एक छोटे टैबलेट जैसा अनुभव देगा और फोल्ड होने पर एक सामान्य स्मार्टफोन की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा।
कैमरा सेगमेंट में भी iPhone Fold दमदार हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें दो 48 मेगापिक्सल के रियर कैमरे और दो 18 मेगापिक्सल के फ्रंट कैमरे दिए जा सकते हैं, जो फोल्ड और अनफोल्ड दोनों मोड में काम करेंगे।