आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जापान की वाहन विनिर्माता होंडा मोटर कंपनी 2028 से भारतीय बाजार के अनुरूप नए मॉडल पेश करना शुरू करेगी।
कंपनी दोपहिया कारोबार के मजबूत आधार का उपयोग कर ग्राहकों को यात्री वाहन खंड की ओर आकर्षित करने की रणनीति पर काम करेगी।
होंडा मोटर कंपनी के निदेशक, अध्यक्ष एवं वैश्विक मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तोशिहिरो मिबे ने तोक्यो में संवाददाताओं से कहा कि कंपनी ने भारत को उत्तरी अमेरिका और जापान के साथ अपनी भविष्य की वृद्धि रणनीति के लिए प्राथमिक बाजारों में शामिल किया है और इन बाजारों में रणनीतिक रूप से संसाधन आवंटित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि होंडा भारत में अपनी दोपहिया उत्पादन क्षमता भी बढ़ाने की योजना बना रही है। कंपनी 2028 तक वार्षिक उत्पादन क्षमता मौजूदा 62.5 लाख इकाइयों से बढ़ाकर लगभग 80 लाख इकाइयों तक ले जाएगी। भारत होंडा के मोटरसाइकिल कारोबार का सबसे बड़ा बाजार है।
मिबे ने कहा कि वाहन कारोबार को फिर से मजबूत करने और मध्यम तथा दीर्घकालिक वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए होंडा जापान, भारत और चीन में प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने पर ध्यान देगी।
भारत के संदर्भ में उन्होंने कहा कि होंडा भारतीय ग्राहकों की जरूरतों और पसंद के मुताबिक अपने वाहनों की खूबियां और डिजाइन तैयार करेगी।