Tata Motors Passenger Vehicles plans Rs 40,000 crore capital expenditure over five years
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाहन विनिर्माता टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) ने घरेलू बाजार में अपनी हिस्सेदारी को बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ अगले पांच वर्षों में 40,000 करोड़ रुपये तक के पूंजीगत व्यय की योजना बनाई है।
टाटा समूह की यात्री वाहन कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शैलेश चंद्रा ने निवेशकों के समक्ष एक प्रस्तुति में यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, कंपनी वित्त वर्ष 2030-31 तक अपनी वार्षिक बिक्री को लगभग दोगुना कर 12 लाख इकाइयों से अधिक करने का लक्ष्य रखती है।
प्रस्तुतीकरण में कहा गया है कि कंपनी 2030-31 तक छह नए मॉडल पेश करेगी जबकि अगले दो-तीन वर्षों में अपनी वार्षिक उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 13 लाख इकाई करने की योजना है। वर्तमान में इसकी क्षमता करीब नौ लाख इकाई है, जिसमें चार लाख इकाइयों की अतिरिक्त क्षमता जोड़ी जाएगी।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2030-31 तक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बाजार में अपने लिए 30 प्रतिशत हिस्सेदारी का लक्ष्य भी तय किया है और इसके लिए 10 ईवी मॉडल का पोर्टफोलियो तैयार किया जाएगा।
चंद्रा ने कहा, “हमारी वृद्धि की अगली रणनीति में छह लाख से अधिक अतिरिक्त इकाइयों की वृद्धि शामिल है, जिसमें कई ईंधन विकल्पों वाली रणनीति प्रमुख भूमिका निभाएगी।”
उन्होंने कहा कि कंपनी की इस वृद्धि में ईवी और सीएनजी खंड का बड़ा योगदान रहेगा।
चंद्रा ने कहा कि कंपनी की बाजार हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2019-20 से 2025-26 के दौरान नौ प्रतिशत बढ़ी है और वित्त वर्ष 2025-26 से 2030-31 के दौरान इसमें पांच-छह प्रतिशत की और बढ़ोतरी का लक्ष्य रखा गया है।