Domestic wholesale sales of passenger vehicles increased by 12 percent to 5.19 lakh units in October
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देश में यात्री वाहनों की घरेलू थोक बिक्री अक्टूबर में सालाना आधार पर 12.4 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 5.19 लाख इकाई हो गई। उद्योग निकाय सियाम ने यह जानकारी दी। अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 4.62 लाख इकाई था।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, ‘‘यात्री वाहन खंड ने अक्टूबर में अब तक का अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और मासिक बिक्री में पांच लाख इकाइयों का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार किया।’’
आंकड़ों के अनुसार, दोपहिया वाहनों की घरेलू थोक बिक्री अक्टूबर में 16.1 प्रतिशत बढ़कर 25.78 लाख इकाई हो गई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 22.20 लाख इकाई थी। तिपहिया वाहनों की घरेलू बिक्री 25.7 प्रतिशत बढ़कर 1.03 लाख इकाई रही, जो एक साल पहले 82,190 इकाई थी।
मेनन ने कहा कि ग्रामीण और शहरी, दोनों बाजारों में ऋण की बेहतर उपलब्धता तथा पुराने वाहनों को बदलने की मांग से दोपहिया वाहनों की मांग को लगातार समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि तिपहिया वाहनों के मामले में अंतिम छोर तक आवागमन की जरूरतें और लोगों का तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख करना क्षेत्र की वृद्धि के प्रमुख कारक बने हुए हैं।
अक्टूबर में कुल घरेलू वाहन थोक बिक्री 15.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 31.26 लाख इकाई रही। निर्यात 26 प्रतिशत बढ़कर 6.82 लाख इकाई हो गया। अक्टूबर में वाहनों का कुल उत्पादन 28.6 प्रतिशत बढ़कर 36.19 लाख इकाई रहा।
कुल घरेलू बिक्री, निर्यात और उत्पादन के साथ-साथ विभिन्न वाहन खंडों के आंकड़ों में बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, जेएलआर, टाटा मोटर्स और वोल्वो ऑटो के आंकड़े शामिल नहीं हैं।
टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री के आंकड़े केवल कुल यात्री वाहन बिक्री के आंकड़ों में शामिल हैं।
दोपहिया वाहनों की घरेलू बिक्री में वृद्धि मुख्य रूप से स्कूटर की वजह से रही। स्कूटर की बिक्री 31.6 प्रतिशत बढ़कर 10.97 लाख इकाई हो गई, जबकि मोटरसाइकिल की बिक्री 6.6 प्रतिशत बढ़कर 14.23 लाख इकाई रही।