Zakir Khan ने स्टैंड-अप कॉमेडी से लिया ब्रेक, 2028–2030 तक रह सकते हैं दूर; जानें वजह

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 25-02-2026
Zakir Khan takes a break from stand-up comedy, may stay away until 2028–2030; learn why
Zakir Khan takes a break from stand-up comedy, may stay away until 2028–2030; learn why

 

आवाज द वाॅयस/ नई दिल्ली 

भारत के लोकप्रिय स्टैंड-अप कॉमेडियन Zakir Khan ने हाल ही में ऐलान किया है कि वे कुछ समय के लिए कॉमेडी से ब्रेक ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की वजह से नहीं, बल्कि लंबे समय से टल रहे रचनात्मक कामों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए लिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक कार्यक्रम के दौरान ज़ाकिर खान ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से अपने लेखन और अन्य क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स को टालते आ रहे थे। अब वे उन अधूरे कामों को पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने भावुक अंदाज़ में बताया कि यह ब्रेक छोटा नहीं भी हो सकता है और संभव है कि वे 2028, 2029 या यहां तक कि 2030 तक स्टैंड-अप से दूर रहें, जब तक कि वे अपने मौजूदा कमिटमेंट्स पूरे नहीं कर लेते।

ज़ाकिर खान ने यह भी साफ किया कि इंटरनेट पर उनकी सेहत को लेकर जो अफवाहें चल रही हैं, वे गलत हैं। उन्होंने कहा, “मेरी तबीयत थोड़ी खराब है, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं। जो कुछ भी ऑनलाइन लिखा जा रहा है, वह बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया है।” उन्होंने फेक न्यूज पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि कुछ लोग ‘करीबी पारिवारिक सूत्रों’ का हवाला देकर मनगढ़ंत बातें लिख देते हैं, जबकि उनका परिवार उनके साथ ही रहता है और ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं करता।

एक अन्य इवेंट में उन्होंने दोहराया कि उनका यह फैसला स्वास्थ्य और निजी जीवन को प्राथमिकता देने के साथ-साथ लेखन पर फोकस करने के लिए है। वे पिछले छह साल से जिस लेखन कार्य को समय नहीं दे पा रहे थे, अब उसे पूरा करना चाहते हैं।

ज़ाकिर खान के इस फैसले से उनके प्रशंसकों को जरूर निराशा हुई है, लेकिन साथ ही वे उनके नए क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स का बेसब्री से इंतजार भी कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि ब्रेक के बाद वे और भी मजबूत कंटेंट और नए अंदाज़ के साथ वापसी करेंगे। फिलहाल, कॉमेडी की दुनिया में उनकी अस्थायी दूरी चर्चा का विषय बनी हुई है।