जाह्नवी कपूर की मीडिया संस्कृति पर कड़ी आलोचना, बोलीं— मां की मौत को मीम बना दिया गया

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 03-12-2025
Janhvi Kapoor strongly criticized media culture, saying her mother's death was turned into a meme.
Janhvi Kapoor strongly criticized media culture, saying her mother's death was turned into a meme.

 

मुंबई।

अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने मीडिया और सोशल मीडिया संस्कृति पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि आज की रिपोर्टिंग ने मानवीय संवेदनाओं और नैतिकता को गंभीर रूप से चोट पहुँचाई है। ‘वी द वूमन 2025’ कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनकी मां, दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी, और हाल ही में अभिनेता धर्मेंद्र की मौत की कवरेज इसका दुखद उदाहरण है।

जाह्नवी ने वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त से बातचीत में कहा:
“जब मैंने अपनी मां को खोया, वह मेरे जीवन का सबसे दर्दनाक समय था। लेकिन उससे भी अधिक दुख तब हुआ, जब उनकी मौत को सोशल मीडिया पर मीम में बदल दिया गया। किसी अपने को खोना और फिर उसे मज़ाक का विषय बनते देखना… इसे समझाने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।”

अभिनेत्री ने बताया कि वह आज भी अपनी मां के निधन पर सार्वजनिक रूप से बात करने में हिचकिचाती हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं लोग यह न समझें कि वह इस संवेदनशील मुद्दे को सुर्खियां पाने के लिए इस्तेमाल कर रही हैं।गौरतलब है कि श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को हुआ था।

जाह्नवी ने 11 नवंबर को अभिनेता धर्मेंद्र की मौत के संबंध में फैली झूठी खबरों पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की गलत रिपोर्टिंग पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना है और लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है।धर्मेंद्र का निधन बाद में 24 नवंबर को 89 वर्ष की आयु में हुआ।

अंत में जाह्नवी ने कहा, “हमारी मानवीय नैतिकता कमजोर पड़ गई है। यह बेहद निराशाजनक है कि संवेदना की जगह सनसनी ने ले ली है।”