गुड्डू और बबलू का नया साम्राज्य, मिर्जापुर में फिर छिड़ेगा सत्ता संग्राम

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 25-06-2026
Guddu and Bablu's new empire: The battle for power in Mirzapur is set to erupt again.
Guddu and Bablu's new empire: The battle for power in Mirzapur is set to erupt again.

 

आवाज द वाॅयस ब्यूरो, नई दिल्ली

 

वेब सीरीज की दुनिया में जब भी भारतीय कंटेंट की बात होती है, तो 'मिर्जापुर' का नाम सबसे पहले लिया जाता है। साल 2018 में शुरू हुई इस क्राइम-ड्रामा सीरीज ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए भी एक नया दौर शुरू किया। अब तक इसके तीन सफल सीजन आ चुके हैं और अब इसकी कहानी बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' का पहला टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

करीब 2 मिनट 22 सेकंड लंबे इस टीजर में मिर्जापुर की दुनिया एक बार फिर खून-खराबे, सत्ता संघर्ष और बदले की आग से भरी नजर आती है। टीजर में पुराने और लोकप्रिय किरदारों की वापसी दिखाई गई है, वहीं कुछ नए चेहरे भी कहानी में नया मोड़ लाने के लिए शामिल किए गए हैं।

टीजर से संकेत मिलता है कि इस बार कहानी केवल कालीन भैया की गद्दी पर कब्जे की नहीं है। गुड्डू पंडित, जिसका किरदार अली फजल निभा रहे हैं, अब पहले से ज्यादा ताकतवर और महत्वाकांक्षी दिखाई देता है। उसके साथ बबलू भी नजर आता है, और दोनों मिलकर अपना अलग साम्राज्य स्थापित करने की तैयारी में हैं। इससे साफ है कि मिर्जापुर की सत्ता के लिए एक नया और पहले से अधिक खतरनाक संघर्ष देखने को मिलेगा।

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत मुन्ना भैया की वापसी है। वेब सीरीज में उनके किरदार की मौत हो चुकी थी, लेकिन फिल्म के टीजर में दिव्येंदु शर्मा एक बार फिर अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। उनकी वापसी ने प्रशंसकों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं और फिल्म को लेकर रोमांच बढ़ा दिया है।

इस बार फिल्म में एक बड़ा सरप्राइज अभिनेता जितेंद्र कुमार भी हैं। लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' से पहचान बनाने वाले जितेंद्र कुमार को 'मिर्जापुर' की दुनिया में देखना दर्शकों के लिए बेहद दिलचस्प होगा। बताया जा रहा है कि वे बबलू के किरदार में नजर आएंगे। इससे पहले वेब सीरीज में यह भूमिका विक्रांत मैसी ने निभाई थी।

फिल्म में अभिनेता रवि किशन की भी एंट्री हुई है। टीजर में उनका किरदार रहस्यमय लेकिन प्रभावशाली दिखाई देता है। इसके अलावा अभिनेत्री सोनल चौहान भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में रसिका दुगल, अभिषेक बनर्जी, श्वेता त्रिपाठी, मोहित मलिक, शिवा चड्ढा और श्रिया पिलगांवकर सहित कई कलाकार अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी 'मिर्जापुर द मूवी' का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है। फरहान अख्तर और उनकी टीम द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद दर्शक अब बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जब मिर्जापुर की सत्ता की यह जंग बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी।