फराह खान ने पैपराज़ी को दी चेतावनी, बोलीं- पीछे से तस्वीरें मत लेना

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 01-10-2026
Farah Khan warns paparazzi, says - don't take pictures from behind
Farah Khan warns paparazzi, says - don't take pictures from behind

 

नई दिल्ली।

बॉलीवुड में पैपराज़ी की ओर से अभिनेत्रियों की तस्वीरें खींचने के तरीके को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। हाल ही में अभिनेता सलमान खान ने महिला कलाकारों की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचने की प्रवृत्ति पर नाराजगी जताई थी। अब फिल्म निर्देशक और कोरियोग्राफर फराह खान ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फोटोग्राफरों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए सलमान खान की बात याद दिलाई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में मुंबई में फराह खान को देखकर कई फोटोग्राफर उनकी तस्वीरें लेने के लिए पहुंच गए। इस दौरान फराह ने उनसे पूछा कि वे वहां क्यों आए हैं। जब फोटोग्राफरों ने तस्वीरें लेने की कोशिश की, तो उन्होंने आपत्तिजनक एंगल से फोटो खींचने से बचने की हिदायत दी।

फराह ने सलमान खान की चेतावनी का जिक्र करते हुए मजाकिया लेकिन सख्त अंदाज में कहा, “सलमान भाई ने पीछे से तस्वीरें लेने से मना किया है। घूम जाओ, घूम जाओ।” उनके इस बयान को महिला कलाकारों की निजता और सम्मान से जुड़े मुद्दे पर एक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

सलमान खान ने भी जताई थी नाराजगी

इससे पहले सलमान खान ने 'बिग बॉस 20' के एक एपिसोड में पैपराज़ी के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने महिला कलाकारों की तस्वीरें आपत्तिजनक एंगल से खींचने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जब अभिनेत्रियां इस तरह की तस्वीरों से असहज होती हैं, तो फोटोग्राफरों को ऐसा करने से बचना चाहिए।

सलमान ने साई मांजरेकर और नेहा धूपिया का जिक्र करते हुए कहा था कि कई महिला कलाकारों ने इस तरह की तस्वीरों पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अपनी भतीजी की तस्वीरें खींचने के तरीके पर भी आपत्ति जताई थी।

महिलाओं के सम्मान का मुद्दा

सलमान खान ने पैपराज़ी की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा था कि महिलाओं की असहजता को नजरअंदाज करके तस्वीरें खींचना गलत है। उन्होंने इस तरह की मानसिकता पर नाराजगी जताई और कहा कि ऐसी तस्वीरें लेने वालों की पहचान सार्वजनिक होनी चाहिए।

फराह खान की टिप्पणी के बाद एक बार फिर फिल्मी सितारों की निजता, महिलाओं के सम्मान और पैपराज़ी की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।