Anil Kapoor called Kannada cinema the strength of Indian cinema, Rishabh Shetty said – “We are proud of you”
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री और उससे जुड़े कलाकारों को लेकर भावुक और सम्मान से भरा संदेश साझा किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अनिल कपूर ने कन्नड़ सिनेमा की यात्रा को याद किया और इसके वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव की सराहना की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत करने वाली कन्नड़ फिल्म ‘पल्लवी अनुपल्लवी’ को याद करते हुए इसे अपने जीवन का अहम पड़ाव बताया।
अनिल कपूर ने लिखा कि 43 साल पहले उन्होंने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में पहला कदम रखा था और आज यह देखना गर्व की बात है कि कन्नड़ सिनेमा किस तरह भारतीय सिनेमा को नए आयाम दे रहा है। उन्होंने यश, ऋषभ शेट्टी और निर्देशक प्रशांत नील जैसे नामों का विशेष रूप से उल्लेख किया और केजीएफ तथा कांतारा जैसी फिल्मों को भारतीय सिनेमा का स्तर ऊंचा करने वाला बताया। अनिल कपूर ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उनका इस शानदार इंडस्ट्री से जुड़ाव बना रहेगा।
उनकी इस पोस्ट पर फैंस के साथ-साथ अभिनेता और फिल्ममेकर ऋषभ शेट्टी की भी प्रतिक्रिया सामने आई। कांतारा फेम ऋषभ शेट्टी ने अनिल कपूर के लिए सम्मान जताते हुए लिखा कि उन्हें उन पर गर्व है। उन्होंने कहा कि अनिल कपूर की यात्रा कन्नड़ सिनेमा से शुरू हुई और आज वे भारतीय सिनेमा के सच्चे लीजेंड बन चुके हैं। ऋषभ ने यह भी साझा किया कि ‘पल्लवी अनुपल्लवी’ उनकी पसंदीदा फिल्मों में से एक है।