ए.आर. रहमान: शोहरत से परे मन की शांति की तलाश

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 04-09-2025
A.R. Rahman: Finding inner peace beyond fame
A.R. Rahman: Finding inner peace beyond fame

 

नई दिल्ली

संगीतकार ए.आर. रहमान, जिनकी धुनें दुनिया भर के दिलों को छूती हैं और जिनका संगीत समय से परे है, अब सुर्खियों से दूरी बनाकर जीवन का एक नया अध्याय जी रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने करियर और निजी जीवन के अनुभव साझा किए, जिनसे उनके बदलते नज़रिए की झलक मिलती है।

रहमान का कहना है कि लगातार वर्षों तक बिना रुके काम करने के बाद अब उन्होंने अपनी रफ्तार धीमी कर दी है। परिवार, आत्मिक संतुलन और व्यक्तिगत विकास उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर हैं। उन्होंने कहा,"मैं पानी की तरह हूँ—बहता हुआ, लचीला और शांत। जिस बर्तन में रखा जाऊँ, उसका आकार ले लेता हूँ। काम भी अपनी लय और समय पर चलता है। ईश्वर ने मेरे लिए एक अलग राह तय की है, जहाँ धैर्य दिशा है और विश्वास मेरी गति।"

यह विचार उनके संगीत की तरह ही गहराई लिए हुए है। रहमान मानते हैं कि करियर के शुरुआती दिनों में काम के पीछे भागते हुए उन्होंने ज़िंदगी की कई अनमोल भावनाएँ खो दीं। उन्होंने स्वीकार किया,"पहले मैं पागलों की तरह दिन-रात काम करता रहता था। लेकिन अगर आप बहुत ज़्यादा काम में डूब जाएँ, तो जीवन का असली स्वाद खो देते हैं।"

अब उन्होंने यह दौड़ थाम ली है। रहमान अपने परिवार के साथ समय बिताते हैं, नई चीज़ें सीखते हैं और जीवन को अनुभव करने का अवसर खुद को देते हैं। उनके लिए यह बदलाव केवल समय प्रबंधन का नहीं, बल्कि जीवन के मायनों की नई खोज है—जहाँ रिश्ते, भावनाएँ और आंतरिक शांति सबसे अहम हैं।

हाल ही में रहमान के निजी जीवन को लेकर कई अटकलें सामने आईं। तलाक की चर्चाओं पर उन्होंने कुछ नहीं कहा, लेकिन परिवार और प्रियजनों को लेकर दिए गए बयानों से स्पष्ट होता है कि उनके जीवन का केंद्र अब संबंध और आत्मिक संतुलन हैं।

1995 में सायरा बानो से शादी करने वाले रहमान तीन बच्चों—खतीजा, रहीमा और ए.आर. अमीन—के पिता हैं। लगभग तीन दशकों से चले आ रहे इस रिश्ते की स्थिरता और गहराई, उनके जीवन का वह अनसुना राग है जो मंच पर नहीं, बल्कि दिल की गहराइयों में गूंजता है।