आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देश में वाहनों की खुदरा बिक्री अक्टूबर में सालाना आधार पर 23.8 प्रतिशत घटकर 31.72 लाख से अधिक इकाई रह गई। उद्योग निकाय फाडा ने यह जानकारी दी।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) के आंकड़ों के अनुसार, बिक्री में यह गिरावट इसलिए भी रही क्योंकि इस साल धनतेरस और दिवाली नवंबर में पड़ रहे हैं, जबकि पिछले साल नवरात्र तथा दिवाली दोनों अक्टूबर में थे। इसके अलावा, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती के बाद पिछले साल मांग में आई तेज उछाल का भी असर था।
दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री अक्टूबर में 28.35 प्रतिशत घटकर 23.21 लाख इकाई रही, जबकि यात्री वाहनों की बिक्री 4.23 प्रतिशत फिसलकर 5.08 लाख इकाई पर आ गई।
फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा, ‘‘अक्टूबर भारत में साल का सबसे बड़ा खुदरा बिक्री वाला महीना होता है और इस साल इसके आंकड़ों को त्योहारों के कैलेंडर को ध्यान में रखकर देखना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि सालाना आधार पर आई गिरावट लगभग पूरी तरह आंकड़ों में दिखने वाला असर है।
गिरिधर ने कहा, ‘‘पिछले साल अक्टूबर असाधारण महीना था, जब नवरात्र और दीपावली दोनों एक साथ पड़े थे। इसके अलावा, 22 सितंबर, 2025 को जीएसटी दरों में कटौती के बाद दबी हुई मांग भी बाजार में आई थी। इस साल नवरात्र अक्टूबर में पड़े जबकि धनतेरस और दिवाली नवंबर में चले गए।’’