एवरस्टोन के साथ प्रस्तावित संयुक्त उद्यम में बहुलांश हिस्सेदारी के लिए 3,750 करोड़ रुपये निवेश करेगी डीएलएफ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-11-2026
DLF to invest Rs 3,750 crore for majority stake in proposed joint venture with Everstone
DLF to invest Rs 3,750 crore for majority stake in proposed joint venture with Everstone

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ लिमिटेड, एवरस्टोन के साथ प्रस्तावित संयुक्त उद्यम (जेवी) में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने के लिए 3,750 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। दोनों भागीदार रियल एस्टेट कंपनी आईआरईओ समूह में निवेश करेंगे।

गुरुग्राम स्थित आईआरईओ समूह के पास दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और कुछ अन्य शहरों में रणनीतिक स्थानों पर जमीन के बड़े भूखंड हैं।
 
डीएलएफ पहले भी आईआरईओ समूह से गुरुग्राम में जमीन का एक बड़ा भूखंड खरीद चुकी है।
 
डीएलएफ लिमिटेड ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने एवरस्टोन समूह के साथ एक बाध्यकारी समझौता किया है। इसके तहत दोनों कंपनियां ‘‘आईआरईओ प्राइवेट लिमिटेड और भारत में आईआरईओ समूह की अन्य कंपनियों में निवेश के लिए रणनीतिक सहयोग करेंगी और एक संयुक्त उद्यम (जेवी) बनाएंगी। इन कंपनियों में आईआरईओ समूह के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) कोष (आईआरईओ फंड्स) की हिस्सेदारी है जिनमें प्रतिष्ठित वैश्विक निवेशकों ने निवेश किया हुआ है।’’
 
डीएलएफ ने कहा कि इस प्रस्तावित व्यवस्था के तहत वह ‘‘जेवी में बहुलांश हिस्सेदारी के लिए करीब 3,750 करोड़ रुपये निवेश करना चाहती है। इस जेवी का आईआरईओ की भारतीय कंपनियों में आर्थिक हित होगा।’’
 
सिंगापुर मुख्यालय वाले एवरस्टोन की ओर से किए जाने वाले निवेश का खुलासा नहीं किया गया है।
 
कंपनी सूचना के अनुसार, आईआरईओ फंड्स के साथ पक्षों द्वारा अलग से हस्ताक्षरित एक बाध्यकारी और विशिष्ट शर्त-पत्र के तहत प्रस्तावित जेवी इन कंपनियों में कम से कम 20 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए निवेश करना चाहती है। इसके साथ उसे शासन से जुड़े कुछ अधिकार भी मिलेंगे।