आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देश में चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में यात्री वाहनों की थोक बिक्री 25.9 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 12,73,811 इकाई रही।
उद्योग संगठन सियाम ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद मजबूत घरेलू मांग के कारण यह वृद्धि दर्ज की गई।
सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में यात्री वाहनों की थोक बिक्री 10,11,884 इकाई रही थी।
इससे पहले 2024-25 की अप्रैल-जून तिमाही में रिकॉर्ड करीब 10.3 लाख इकाई की बिक्री दर्ज की गई थी।
सियाम के अनुसार, पहली तिमाही में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 20.3 प्रतिशत बढ़कर 56,28,675 इकाई रही, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 46,77,990 इकाई थी।
संगठन ने कहा कि तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री भी पहली तिमाही में अब तक के उच्चतम स्तर 2,14,339 इकाई पर पहुंच गई। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की 1,65,211 इकाई की तुलना में 29.7 प्रतिशत अधिक है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी सर्वाधिक 2.65 लाख इकाई रही, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 18.3 प्रतिशत अधिक है।
सियाम के अध्यक्ष शैलेश चंद्रा ने कहा, ‘‘ पश्चिम एशिया में व्यवधानों से उत्पन्न हुई चुनौतियों के बावजूद वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सभी वाहन श्रेणियों का मजबूत प्रदर्शन घरेलू मांग के समर्थन, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की कम दरों, वित्तपोषण लागत में नरमी, कम आधार प्रभाव और नए मॉडल की पेशकश का परिणाम है।’’
उन्होंने कहा कि फिलहाल उपभोक्ता धारणा और मांग स्थिर बनी हुई है, लेकिन उद्योग, कृषि उत्पादन एवं ग्रामीण मांग पर संभावित प्रभाव को देखते हुए भू-राजनीतिक घटनाक्रम तथा मानसून की प्रगति पर करीबी नजर बनाए हुए है।
इस बीच, घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री जून में सालाना आधार पर 24.1 प्रतिशत बढ़कर 3,88,144 इकाई रही। यात्री वाहनों की थोक बिक्री जून 2025 में 3,12,851 इकाई थी।