शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद तेजी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-02-2026
Stock markets rise after falling in early trade
Stock markets rise after falling in early trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सेंसेक्स और निफ्टी ने शुक्रवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए बढ़त दर्ज की। बैंकिंग और पूंजीगत वस्तु के शेयर में खरीदारी से बाजार में तेजी आई।
 
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 291.93 अंक या 0.35 प्रतिशत टूटकर 82,206.21 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 74.6 अंक या 0.29 प्रतिशत फिसलकर 25,379.75 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, दोनों बाजारों ने जल्द ही शुरुआती गिरावट से उबरते हुए सकारात्मक स्तर पर कारोबार किया। सेंसेक्स 161.43 अंक चढ़कर 82,659.57 अंक पर और निफ्टी 65.55 अंक की बढ़त के साथ 25,519.90 अंक पर कारोबार करने लगा।
 
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, पावरग्रिड, सन फार्मास्यूटिकल्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर लाभ में रहे। वहीं टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, इटर्नल, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स और ट्रेंट में गिरावट दर्ज की गई।
 
एशियाई बाजारों में गिरावट दर्ज की गई जापान का निक्की 225 1.25 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.67 प्रतिशत टूटा। हालांकि, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब दो प्रतिशत बढ़ा। चीन के शेयर बाजार चंद्र नव वर्ष की छुट्टियों के कारण बंद रहे।
 
अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
 
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71.90 डॉलर प्रति बैरल रहा।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 880.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी 596.28 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध बिक्री की।